आज स्नैपडील पर 25 मिलियन से भी ज्यादा उपभोक्ता हैं जबकि फ्लिपकार्ट पर एक दिन में लगभग दो करोड़ से ज्यादा के हिट्स। ईकाॅमर्स साइट्स काफी लोकप्रियता बटोर रहे हैं और उपभोक्ता भी इस ओर आकर्षित हो रहे हैं। परंतु ईकाॅमर्स की इस बढ़ती चकाचौंध में फिजिकल स्टोर की चमक धूमिल हो रही है। तेजी से पांव पसारती ईकाॅमर्स साइट्स की वजह से बदलते बाजार और छोटे रिटेलरों की स्थिति को बयां कर रहे हैं मुकेश कुमार सिंह। इस साल की शुरुआत में ही कुछ ऐसी खबरें आईं जिनसे यह साफ हो गया था कि बाजार एक बार फिर से बदलने को तैयार है। 9 जनवरी 2014 ओप्लस ने भारतीय बाजार में अपना पहला टैबलेट लाॅन्च किया। यह खबर कोई बड़ी नहीं थी। क्योंकि आए दिन भारत में एंडराॅयड टैबलेट लाॅन्च होते हैं। परंतु बड़ी खबर यह थी यह टैबलेट सिर्फ आॅनलाइन स्टोर स्नैपडील पर ही बिक्री के लिए उपलब्ध था। पहली बार ऐसा देखा गया था कि किसी प्रोडक्ट को स्टोर पर लाॅन्च न कर सीध आॅनलाइन से उपलब्ध कराया जा रहा हो। उस वक्त हर किसी को थोड़ा अजीब लग रहा था कि सिर्फ आॅनलाइन स्टोर पर उपलब्ध करा कर यह बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। स्नैपडील से यह ट...