राम के काज तो हनुमान ने कई बार साजा है लेकिन हनुमान के काज को संवारने में आप कितने सक्षम हैं? चारुवी लैब लेकर आया है ऐसा ही हनुमान चालीसा जहां आप हनुमान के साथी बन सकते हैं। इस अनोखे हनुमान चालीसा के बारे में बता रहे हैं मुकेश कुमार सिंह और अभिजित अहस्कर। जय हनुमान ज्ञान गुण सागर जय कपीस तिहू लोक उजागर... जैसे ही यह आवाज आपके कानों तक पहुंचती है आप अपने अंदर एक अद्भुत शक्ति का संचार महसूस करते हैं। बलशाली हनुमान का भक्त पूरा हिंदुस्तान है। हनुमान की लोकप्रियता किसी जाति या धर्म तक सीमित नहीं है। बल्कि भारत में हर धर्म और जाति के लोग इनकी महिमा का गुणगान करते हैं। तभी तो हनुमान को लेकर बनाई गई हर कृति को लोगों ने तहे दिल से स्वीकार किया है। चाहे कागज पर लिखी हनुमान चालीसा हो या फिर टीवी पर प्रसारित होने वाला धारावाहिक। मोबाइल पर भी हनुमान को लेकर कई एप्लिकेशन व गेम आ चुके हैं जिन्होंने अच्छी ख्याति बटोरी। परंतु इस बार जिस एप्लिकेशन की बात हम कर रहे हैं उस तरह की एप्लिकेशन शायद आपने मोबाइल में देखी नहीं होगी या यूं कहें कि आपने कल्पना नहीं की होगी। ...